उदयपुर फाइल्स को मिली हरी झंडी, 4500 सिनेमाघरों में होगी रिलीज
Sandesh Wahak Digital Desk: उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को आखिरकार सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है। यह फिल्म आज पूरे देश के 4500 सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। लंबे समय से विवादों और कानूनी अड़चनों का सामना कर रही इस फिल्म को अब दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिल गया है।
साल 2022 में उदयपुर में हुई कन्हैयालाल की निर्मम हत्या ने पूरे देश को हिला दिया था। यह फिल्म उसी सच्ची घटना पर बनी है, जो उस दर्दनाक हकीकत को बड़े पर्दे पर दिखाती है।
कन्हैयालाल के बेटे यश साहू ने फिल्म को लेकर कहा, यह फिल्म मेरे पिता के साथ हुई त्रासदी को दिखाती है। यह एक सच्ची कहानी है, और मुझे उम्मीद है कि इसके जरिए उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि उनका परिवार आज भी उस दर्द से गुजर रहा है। यश का कहना है कि यह फिल्म सच्चाई को सामने लाने की एक कोशिश है।

वहीं, कन्हैयालाल की पत्नी जसोदा साहू ने भावुक होते हुए कहा कि जब फिल्म पर रोक लगी थी, तब उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने कहा, यह फिल्म हमारे परिवार के संघर्ष और दर्द की सच्ची तस्वीर है। इसे हर किसी को देखना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उनके लिए फिल्म देखना मुश्किल होगा क्योंकि वह घटना उनकी आँखों के सामने आ जाएगी।
इस फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनेत और जयंत सिन्हा ने किया है, जिसमें विजय राज ने कन्हैयालाल का किरदार निभाया है। फिल्म में प्रीति झंगियानी और मुश्ताक खान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने 55 कट्स के साथ इस फिल्म को रिलीज की मंजूरी दी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने भी हाल ही में फिल्म की रिलीज पर लगी रोक हटा दी थी।
Also Read: Supreme Court ने वापस लिया इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज पर दिया गया आदेश

