उदयपुर 60 फीट गहरी खाई में गिरी सवारियों से भरी जीप, 3 की मौत, कई लोग घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के उदयपुर जिले के कोटड़ा इलाके में बुधवार को एक बेकाबू जीप के खाई में गिरने से कोहराम मच गया। इस हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त जीप में क्षमता से कहीं ज्यादा, कुल 27 लोग सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, जीप बिलवन की ओर जा रही थी। रास्ते में एक चढ़ाई चढ़ते समय अचानक जीप के ब्रेक फेल हो गए। ड्राइवर ने जीप को रोकने और संतुलित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहा। बेकाबू हुई जीप सड़क से उतरी और सीधे लगभग 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कोटड़ा पुलिस और 108 एम्बुलेंस वहां पहुंची।
इस हादसे में काबू (पिता नरसा गरासिया), रेशमी (पति वख्ता गरासिया) और सुरेश (पिता रोशन गरासिया) की जान चली गई। वहीं सभी घायलों को तुरंत कोटड़ा अस्पताल ले जाया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
Also Read: ‘उम्मीद है सुप्रीम कोर्ट खुद संज्ञान लेगा’, संभल CJM के ट्रांसफर पर अखिलेश यादव का तीखा तंज

