Lucknow News: UGC के नए नियमों के विरोध में यूनिवर्सिटी और KKC कॉलेज में छात्रों का जोरदार हंगामा
Lucknow News: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जारी किए गए नए दिशा-निर्देशों के खिलाफ राजधानी लखनऊ के छात्र आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के जानकीपुरम स्थित द्वितीय परिसर (न्यू कैंपस) और मशहूर KKC कॉलेज में छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
UGC के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़कों पर बैठ गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। छात्रों का आरोप है कि नए नियम उनके हितों के खिलाफ हैं और इनसे शिक्षा व्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। हालांकि पुलिस अधिकारी छात्रों को समझाने और रास्ता खाली कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर टस से मस होने को तैयार नहीं हैं।

मंत्रियों के घर के बाहर पोस्टर वॉर
विरोध का यह सिलसिला सिर्फ कैंपस तक ही सीमित नहीं रहा। बीती रात NSUI कार्यकर्ता आर्यन मिश्र के नेतृत्व में छात्रों ने सीधे सत्ता के गलियारों तक अपनी आवाज पहुंचाई। कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह के सरकारी आवासों के बाहर विरोध वाले पोस्टर चिपका दिए।

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि सरकार और यूजीसी को इन नियमों पर फिर से विचार करना चाहिए। छात्रों का गुस्सा इस बात को लेकर है कि नियम लागू करने से पहले उनके पक्ष को अनसुना किया गया। फिलहाल पूरे शहर के छात्र संगठनों ने इस मुद्दे पर एकजुट होने का आह्वान किया है, जिससे आने वाले दिनों में यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।
Also Read: सबसे ज्यादा युवा क्यों हो रहें है MentalI Illnesses के शिकार?

