यूक्रेन कर रहा ट्रंप-पुतिन की बैठक को बाधित करने की कोशिश, रूस का बड़ा आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यूक्रेन पर एक गंभीर आरोप लगाया है। मंत्रालय का दावा है कि यूक्रेन कीव सरकार 15 अगस्त को अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली महत्वपूर्ण बैठक को विफल करने की साजिश रच रही है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने अपने टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि उन्हें कई सूत्रों से जानकारी मिली है कि यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने विदेशी पत्रकारों को खारकीव के चुगुएव इलाके में भेजा है। यह इलाका यूक्रेन के कब्जे में है। पत्रकारों को यह कहकर भेजा गया है कि वे वहां सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों पर रिपोर्ट बनाएं, लेकिन रूस का आरोप है कि असली मकसद कुछ और है।

घनी आबादी वाले इलाकों पर हमले की है योजना

रूस ने दावा किया है कि इस बैठक से ठीक पहले यूक्रेन की सेना घनी आबादी वाले किसी रिहायशी इलाके या अस्पताल पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करेगी। इसके बाद वहां मौजूद विदेशी पत्रकार तुरंत इसकी खबर देंगे। रूस का कहना है कि ऐसा करके यूक्रेन एक नकारात्मक माहौल बनाना चाहता है, ताकि रूस-यूक्रेन संघर्ष के समाधान पर दोनों देशों के बीच सहयोग में बाधा डाली जा सके।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर इस बैठक की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि 15 अगस्त को अलास्का में वह और पुतिन रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा करेंगे। रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने यह भी कहा है कि इस बैठक के बाद मॉस्को को उम्मीद है कि अगली मुलाकात रूस में होगी।

Also Read: जयशंकर भी जाएंगे रूस, ट्रंप की धमकियों के बीच भारत-रूस संबंधों को मिलेगी मजबूती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.