यूक्रेन को मिलेंगे 90 अरब डॉलर के हथियार, जेलेंस्की-ट्रंप की बैठक में बना प्लान

Sandesh Wahak Digital Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने खुलासा किया है कि यूक्रेन को अपनी सुरक्षा मजबूत करने के लिए अमेरिका से 90 अरब डॉलर के हथियार मिलेंगे। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूरोपीय नेताओं के साथ हुई बैठक में इस योजना पर चर्चा हुई। इन हथियारों की खरीद यूरोपीय फंड से की जाएगी।

अमेरिका खरीदेगा यूक्रेन में बने ड्रोन

जेलेंस्की ने बताया कि इस समझौते में एक बड़ा हिस्सा यूक्रेन में ड्रोन का उत्पादन भी होगा। इनमें से कुछ ड्रोन खुद अमेरिका खरीदेगा, जिससे यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अभी इस समझौते पर अंतिम मुहर नहीं लगी है, लेकिन अगले एक-डेढ़ हफ्ते में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप

कुछ भी मुफ्त में नहीं: ट्रंप

जब भविष्य की सैन्य मदद के बारे में पूछा गया तो राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ कहा, हम कुछ भी मुफ्त में नहीं दे रहे, हम हथियार बेच रहे हैं। इस बातचीत का मकसद ट्रंप के ‘अमेरिका फर्स्ट’ सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए अमेरिकी उद्योगों को फायदा पहुँचाना है।

दस्तावेज में इस बात पर जोर दिया गया है कि यूक्रेन की सुरक्षा के लिए एक मजबूत ढाँचा तैयार करना ज़रूरी है, ताकि भविष्य में रूस जैसी आक्रामकता को रोका जा सके। यूक्रेन ने रूस के उस प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया है, जिसमें डोनेट्स्क और लुहान्स्क के कुछ हिस्सों से सैनिक हटाने के बदले युद्धविराम का प्रस्ताव था। यूक्रेन का मानना है कि ऐसी रियायतें रूस को और अंदर तक घुसने का मौका दे सकती हैं।

रूस को करना होगा नुकसान की भरपाई

जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि अगली बैठक से पहले युद्धविराम होना चाहिए। वहीं, यूक्रेन के दस्तावेज़ में कहा गया है कि रूस को युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। यह भी सुझाव दिया गया है कि पश्चिमी देशों में रूस की $300 अरब की जमी हुई संपत्ति का इस्तेमाल इस भरपाई के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, रूस पर लगे प्रतिबंध तभी हटाए जाने चाहिए जब वह शांति समझौते का पूरी तरह पालन करे।

Also Read: UP News: बिजली निजीकरण पर बढ़ा टकराव, कर्मचारी संघ ने दी ये चेतावनी, CM योगी को लिखा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.