Kaushambi: टायर फटने से अनियंत्रित कार डंपर से टकराई, पति-पत्नी समेत 5 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। नेशनल हाईवे-2 पर एक तेज़ रफ्तार आल्टो कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गलत दिशा में चली गई, जहां सामने से आ रहे डंपर से भयानक टक्कर हो गई। इस हादसे में पति-पत्नी समेत पांच लोगों की मौत हो गई है।

हादसे का मंजर

यह दुर्घटना कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढ़ा गांव के पास हुई। शाम लगभग 5 बजे प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही कार का टायर फटा और कार सीधे सामने से आ रहे डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम

स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनकी पहचान इस प्रकार है। आदित्य कुमार (30) निवासी सुदामापुर, थाना थरियांव, फतेहपुर। राज बहादुर (55) निवासी सेमरहा, थाना थरियांव, फतेहपुर। रचना (35) पत्नी ननका लोधी, निवासी अभिराज का पुरवा, थाना खागा, फतेहपुर। ननका लोधी (38) निवासी अभिराज का पुरवा, थाना खागा, फतेहपुर। रमाशंकर (26) निवासी हन्नव, थाना असोथर, फतेहपुर। सिराथू के सीओ सत्येंद्र तिवारी ने जानकारी दी कि डंपर को जब्त कर लिया गया है और हादसे की विधिक जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

Also Read: आयुष विभाग: जिलों में अस्पताल मौजूद नहीं, अफसरों ने कर डाली डॉक्टरों की तैनाती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.