गणपति विसर्जन जुलूस में घुसा बेकाबू ट्रक, 8 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक के हासन जिले में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया, जिससे 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मरने वालों में पाँच इंजीनियरिंग के छात्र भी शामिल हैं। यह हादसा हासन तालुक के मोसाले होसाहल्ली रेलवे फाटक के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, गणेश विसर्जन के दौरान एक ट्रक बहुत तेज रफ्तार से आ रहा था। ड्राइवर ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर डिवाइडर से टकराया और अंत में विसर्जन जुलूस में मौजूद भीड़ पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि गुस्साए लोगों ने ड्राइवर भुवनेश को गाड़ी से खींचकर पीटा और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कुमारस्वामी ने जताया शोक
इस दुखद घटना पर केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने राज्य सरकार से घायलों को मुफ्त और बेहतर इलाज देने की अपील भी की। वहीं, स्थानीय विधायक एचडी रेवन्ना ने इस हादसे के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा पुलिस की लापरवाही के कारण हुआ है। फिलहाल, गोरूर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read: प्रधानमंत्री मोदी ने मिजोरम को दी बड़ी सौगात, बैराबी-सैरांग रेल लाइन का किया उद्घाटन

