गौतम गंभीर की कोचिंग में ड्रेसिंग रूम में तनाव, टीम इंडिया के खिलाड़ियों में बढ़ी असुरक्षा

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की कमान संभालने वाले हेड कोच गौतम गंभीर का सख्त कोचिंग स्टाइल एक बार फिर चर्चा में है।

व्हाइट बॉल क्रिकेट में उनकी रणनीति को जहां कामयाबी मिली है, वहीं टेस्ट क्रिकेट में चुनौतियां बढ़ती दिख रही हैं। इसी बीच टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर एक चौंकाने वाला सच सामने आया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से टीम के कई खिलाड़ियों में अपनी जगह को लेकर असुरक्षा बढ़ी है।

राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में जहां खिलाड़ियों की भूमिकाएं स्पष्ट थीं और उन्हें खुद को साबित करने के लिए पर्याप्त मौके मिलते थे।

वहीं, मौजूदा दौर में हालात बदलते नजर आ रहे हैं। लगातार बदलाव और चयन में अनिश्चितता ने खिलाड़ियों की चिंता बढ़ा दी है।

Gautam Gambhir

कोचिंग फैसलों से मची उथल-पुथल

गौतम गंभीर के कार्यकाल में रोहित शर्मा से वनडे कप्तानी हटाना बड़ा फैसला माना गया। इसके अलावा गंभीर का मानना है कि ओपनिंग को छोड़कर बल्लेबाजी क्रम को स्थिर रखना ओवररेटेड है।

इस सोच से टीम को फ्लेक्सिबिलिटी तो मिली, लेकिन प्लेइंग इलेवन में बार-बार बदलाव से अनिश्चितता भी बढ़ी है।

शुभमन गिल का मामला बना उदाहरण

शुभमन गिल का चयन और फिर ड्रॉप होना इस दौर की सबसे बड़ी मिसाल माना जा रहा है। पहले संजू सैमसन को बाहर कर गिल को टी20 टीम में शामिल किया गया, लेकिन बाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की संभावित टीम से उन्हें ही बाहर कर दिया गया।

फॉर्म और कॉम्बिनेशन के नाम पर लिए गए इस फैसले ने साफ कर दिया कि मौजूदा दौर में किसी की भी जगह पक्की नहीं है।

द्रविड़ बनाम गंभीर: बदला-बदला माहौल

राहुल द्रविड़ के समय ड्रेसिंग रूम में भरोसे और खुले संवाद का माहौल बताया जाता था। इसके उलट अब सख्ती और कम्युनिकेशन की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

कुछ रिपोर्ट्स में तो गंभीर की तुलना पूर्व कोच ग्रेग चैपल से की जा रही है, जिनके दौर में भी ड्रेसिंग रूम विवादों में रहा था।

मोहम्मद कैफ का गंभीर आरोप

हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट पर खिलाड़ियों में डर और असुरक्षा का माहौल बनाने का आरोप लगाया।

अपने यूट्यूब चैनल पर कैफ ने कहा कि टीम में कंफ्यूजन है और खिलाड़ी आत्मविश्वास की कमी के साथ खेल रहे हैं।

कैफ ने सरफराज खान और साई सुदर्शन का उदाहरण देते हुए कहा कि शतक या अच्छी पारी के बाद भी अगर खिलाड़ी को भरोसा नहीं मिलता, तो बाकी खिलाड़ियों का आत्मविश्वास कैसे बनेगा।

कुल मिलाकर, गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में टीम इंडिया का ड्रेसिंग रूम इस समय प्रदर्शन से ज्यादा माहौल को लेकर सुर्खियों में है, जो आने वाले समय में टीम के प्रदर्शन पर असर डाल सकता है।

Also Read: मैच से पहले मैदान पर हेड कोच को आया हार्ट अटैक, CPR के बाद भी नहीं बची जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.