Sonbhadra News: पुलिस ने कच्छा-बनियान गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 बदमाश गिरफ्तार
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में लंबे समय से आतंक मचा रहे कुख्यात कच्छा-बनियान गिरोह का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस गिरोह के 6 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 9 अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से चोरी किए गए चांदी के जेवर, बर्तन, करीब 45 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
दिन में करते थे रेकी, रात में देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी और ओबरा जैसे थाना क्षेत्रों में चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल था। ये बदमाश दिन के समय आम लोगों की तरह फूल या गुब्बारे बेचते हुए घूमते थे और गांवों व शहरों की रेकी करते थे।
इसके बाद, रात होते ही ये अपने बाकी साथियों को बुलाते थे और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये बदमाश अक्सर पुलिस और लोगों की नजर से बचने के लिए जंगल या झाड़ियों में अपना अस्थायी ठिकाना बनाते थे।
एसपी ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के घसिया बस्ती के पास छापेमारी कर इन 6 बदमाशों को पकड़ा गया। पुलिस अब इन बदमाशों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही फरार हुए 9 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस बड़ी सफलता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
Also Read: शिक्षामित्रों का मानदेय नहीं बढ़ा तो हाजिर हों अपर मुख्य सचिव, इलाहाबाद हाईकोर्ट का सख्त आदेश

