PM मोदी के जन्मदिन पर लखनऊ में ‘बेरोजगारी बारात’, नौकरी की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर लखनऊ में छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई के सदस्यों ने मिलकर ‘बेरोजगारी बारात’ निकाली, जिसमें युवाओं ने सरकार से रोजगार की मांग की।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प
प्रदर्शनकारी युवा आईटी चौराहे से लखनऊ विश्वविद्यालय की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें चौराहे पर ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। करीब 20 मिनट बाद पुलिस ने उन्हें जबरन गाड़ियों में बैठाया और उनके हाथों से थालियाँ और गले से मालाएँ छीन लीं।

‘सरकार ने युवाओं को धोखा दिया’
प्रदर्शन में शामिल एनएसयूआई सदस्य अहमद रजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर साल 2 करोड़ नौकरियाँ देने का वादा किया था, लेकिन आज युवा ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाएं, जैसे कि एमएसएमई, पूरी तरह से फेल हो गई हैं।
अहमद रजा ने कहा, “आज हम बेरोजगार युवा सरकार से नौकरी माँगने के लिए ‘बेरोजगारी बारात’ निकाल रहे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय के जिन छात्रों ने डिग्री ले ली है, वे इस बारात के बाराती बने हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सिर्फ उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाया है, जबकि किसान और युवा परेशान हैं।
उन्होंने बिहार में अडानी की कंपनी को 1,050 एकड़ जमीन ₹1 में दिए जाने का हवाला देते हुए सरकार से युवाओं के लिए भी ऐसी योजनाएं लाने की मांग की, ताकि वे भी देश के विकास में योगदान दे सकें।
Also Read: करोड़ों की धोखाधड़ी में 20 साल बाद मिला इंसाफ, कस्टम इंस्पेक्टर समेत दो को 5 साल की जेल

