केंद्रीय कैबिनेट ने अंतरिक्ष से लौटे शुभांशु शुक्ला को दी बधाई

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से सफलतापूर्वक धरती पर वापसी का स्वागत करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है। शुभांशु शुक्ला मंगलवार को अंतरिक्ष से सुरक्षित वापस लौटे थे, और बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट ने इस अवसर को देश के लिए गौरव, उल्लास और प्रेरणा का क्षण बताया।

भारत की अनंत आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व

मंत्रिमंडल द्वारा पारित प्रस्ताव में लिखा है, 15 जुलाई को भारत की अनंत आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष यात्रा से सकुशल धरती पर लौटे हैं। ये समूचे देश के लिए गर्व, गौरव और उल्लास का अवसर है। मंत्रिमंडल, देश के साथ मिलकर, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटने का अभिनंदन करता है।

प्रस्ताव में शुभांशु शुक्ला की इस ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा और उनके पूरे मिशन का विस्तार से जिक्र किया गया है। इसमें बताया गया है कि उन्होंने 25 जून को लॉन्च हुए इस मिशन में मिशन पायलट के तौर पर शामिल होकर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर 18 दिन का ऐतिहासिक मिशन पूरा किया। यह पहली बार था जब कोई भारतीय अंतरिक्ष यात्री ISS पर गया, जिसने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नया अध्याय जोड़ा है। इसे अंतरिक्ष में भारत की एक बड़ी उड़ान और हमारे स्पेस प्रोग्राम के भविष्य की स्वर्णिम झलक के तौर पर देखा जा रहा है।

ISRO और वैज्ञानिकों को बधाई

मंत्रिमंडल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और उसकी पूरी वैज्ञानिक टीम को हार्दिक बधाई दी है। कैबिनेट ने कहा कि उनकी निष्ठा, तपस्या और परिश्रम ने इस सपने को हकीकत में बदला है। प्रस्ताव में यह भी बताया गया कि आईएसएस पर रहते हुए ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने अनेक प्रयोग किए। ये इंटरनेशनल स्पेस कोऑपरेशन में भारत की बढ़ती लीडरशिप भूमिका का प्रमाण है।

Also Read: 15 अगस्त को अयोध्या में होगा सर्व वैश्य वैवाहिक सम्मेलन, तैयारियों को लेकर कुमारगंज में हुई अहम बैठक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.