तेज गेंदबाज नसीम शाह के घर पर अज्ञात हमलावरों ने बरसाई गोलियां, बाल-बाल बचे परिवार के लोग

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह के घर पर सोमवार तड़के अज्ञात हथियारबंद लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की।

यह घटना खैबर पख्तूनख्वा के मायर इलाके की है, जहां रात करीब 1:45 बजे हमलावरों ने शाह के घर के मुख्य गेट पर कई गोलियां चलाईं।

घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

Naseem Shah

पुलिस जांच में जुटी

मायर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के घरों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शाह के घर के आसपास सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

प्रारंभिक जांच में यह घटना किसी आतंकी हमले से जुड़ी नहीं लग रही है। अधिकारियों का मानना है कि मामला जमीन विवाद या निजी रंजिश से संबंधित हो सकता है।

नसीम शाह के पिता ने की अधिकारियों से मुलाकात

हमले के बाद नसीम शाह के पिता ने लोअर दीर ज़िले के पुलिस अधिकारी तैमूर खान से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शाह परिवार इलाके में एक सम्मानित परिवार है और उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है।

इस वक्त टीम के साथ हैं नसीम शाह

नसीम शाह फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ रावलपिंडी में हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम का हिस्सा हैं, जो 11 से 15 नवंबर के बीच खेली जाएगी। इसके बाद वह त्रिकोणीय टी20 सीरीज में भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नसीम शाह का क्रिकेट करियर

अब तक नसीम शाह ने 20 टेस्ट मैचों, 32 वनडे और 32 टी20 मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी तेज़ गेंदबाजी ने उन्हें पाकिस्तान टीम का अहम हिस्सा बना दिया है।

Also Read: दिल्ली में ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट, अरुण जेटली स्टेडियम में बढ़ाई गई सुरक्षा, रणजी मैच पर मंडराया खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.