उन्नाव: चाची की जायदाद हड़पने की खूनी साजिश, भतीजे ने दी हत्या की सुपारी, मुठभेड़ में शूटर घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र में जायदाद हड़पने के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। एक भतीजे ने अपनी 70 वर्षीय चाची की हत्या के लिए एक शातिर अपराधी को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी, ताकि हत्या को लूट की वारदात का रूप दिया जा सके। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी शूटर को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।
क्या थी वारदात?
शनिवार शाम करीब 7:30 बजे अजगैन थाना क्षेत्र के बत्तूखेड़ा गाँव निवासी 70 वर्षीय शांति देवी रोज की तरह अपने घर के बाहर स्थित दुकान पर बैठी थीं। तभी हेलमेट पहने एक युवक सामान लेने के बहाने दुकान पर आया और अचानक दुकान के अंदर घुसकर उनका गला दबाने लगा। इस दौरान किसी की आहट होने पर आरोपी उनकी गले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। शांति देवी ने इस साजिश के पीछे अपने भतीजे लकी पुत्र लालबहादुर पर आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर, थाना अजगैन में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए, CO हसनगंज के निर्देशन में SOG, सर्विलांस और थाना अजगैन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
रविवार भोर पहर करीब 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि घटना का मुख्य आरोपी लखनापुर रोड स्थित हिम सिटी के पास नहर पटरी पर मौजूद है। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
भतीजे ने दी थी 5 लाख की सुपारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश श्रीवास्तव पुत्र शिवप्रसाद, निवासी बेहटाखुर्द, थाना भदोखर, जनपद रायबरेली के रूप में हुई। पूछताछ में राकेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि शांति देवी के भतीजे लकी ने चाची की जायदाद हड़पने के लिए उसे 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। साजिश यह थी कि पहले हत्या की जाए और फिर इसे लूटपाट की घटना दिखाया जाए ताकि शक न हो।
बरामदगी और आरोपी का इतिहास
पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, एक ज़िंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, और शांति देवी से लूटी गई सोने की चेन व लॉकेट बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राकेश श्रीवास्तव एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, डकैती और चोरी के कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, और पुलिस अब भतीजे लकी और अन्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट : मो. आतिफ (अनम)
Also Read: किसान, मज़दूर और गरीब वर्ग के हित सुरक्षित करने वाले नेता थे राममनोहर लोहिया: राम अवध यादव

