Unnao News: जिले में 4.21 लाख डुप्लीकेट मतदाता, पंचायत चुनावों की पारदर्शिता पर उठे सवाल
Unnao News: जिले की पंचायत राजनीति पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ताज़ा जांच में 4 लाख 21 हजार 781 डुप्लीकेट मतदाता सामने आए हैं। यह आँकड़ा न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि पंचायत चुनावों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी बड़ा सवालिया निशान लगा रहा है।
सबसे ज्यादा डुप्लीकेट मतदाता सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक में
आयोग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक में 37,192 डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। इसके बाद बिछिया ब्लॉक में 36,572 और नवाबगंज में 32,965 मतदाताओं के नाम दोहराए गए हैं।
अन्य ब्लॉकों में भी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट प्रविष्टियां मिली हैं –
- मियागंज: 24,455
- औरास: 25,896
- हसनगंज: 27,211
- बांगरमऊ: 25,339
- सफीपुर: 24,773
- सिकंदरपुर कर्ण: 31,070
- हिलौली: 31,627
और बाकी विकास खंडों में भी हजारों की संख्या में डुप्लीकेट मतदाता दर्ज हुए हैं।
घर-घर जाकर हो रहा सत्यापन
निर्वाचन आयोग ने पूरी सूची जिला प्रशासन को भेज दी है। इसके बाद प्रशासन ने बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच शुरू कराई है। रिपोर्ट जल्द आयोग को भेजी जाएगी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत निकाय) वी.के. श्रीवास्तव ने पुष्टि की है कि गहन जांच जारी है और किसी भी गड़बड़ी को बख्शा नहीं जाएगा।
राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप
इस खुलासे ने पंचायत राजनीति में खलबली मचा दी है। जानकारों का कहना है कि अगर यह गड़बड़ी समय रहते सामने नहीं आती तो चुनाव परिणाम सीधे तौर पर प्रभावित हो सकते थे।
अब बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट नाम मतदाता सूची में दर्ज कैसे हो गए और संबंधित विभागों ने समय रहते इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की।
रिपोर्ट- मो०आतिफ(अनम)

