Unnao News: कृषि मंत्री का औचक निरीक्षण, उर्वरक दुकानों की मनमानी पर सख्त चेतावनी
Unnao News: जिले में खाद की उपलब्धता और दुकानदारों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही गुरुवार को अचानक औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने मियांगंज, नवाबगंज और बिचपरी क्षेत्र की कई उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया और स्टॉक रजिस्टर व वितरण की बारीकी से जांच की।
किसानों से की सीधी बातचीत
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों से सीधे बातचीत की। एक किसान ने शिकायत की कि उसकी फसल में कीट लगने से नुकसान हो रहा है। इस पर कृषि मंत्री ने मौके पर ही कृषि रक्षा अधिकारी को खेत का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या दूर करने के निर्देश दिए।

तय मूल्य से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
मंत्री ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि यूरिया 266 रुपये प्रति बोरी और डीएपी 1350 रुपये प्रति बोरी से अधिक कीमत पर नहीं बिकनी चाहिए। अगर किसी ने तय मूल्य से ज्यादा वसूला या कालाबाजारी की, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी जोत और आवश्यकता के अनुसार ही खाद मिलनी चाहिए।
जिले में पर्याप्त स्टॉक मौजूद
जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी ने जानकारी दी कि जिले में इस समय
-
6717 मीट्रिक टन यूरिया
-
3886 मीट्रिक टन डीएपी
-
4128 मीट्रिक टन एनपीके
-
और हाल ही में 2600 मीट्रिक टन इफको यूरिया
उपलब्ध है, जिसे समितियों और एग्री-जंक्शन केंद्रों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।

मंत्री ने अधिकारियों को दी चेतावनी
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को साफ कहा कि खाद का भंडारण और कालाबाजारी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि खाद का उपयोग संतुलित ढंग से करें और अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि अधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता घटती है और पैदावार प्रभावित होती है।
निरीक्षण के दौरान बीज विकास निगम निदेशक पीयूष शर्मा, बीज प्रमाणीकरण निदेशक टी.पी. चौधरी, संयुक्त निदेशक कृषि अजय कृष्ण, उप निदेशक कृषि रवि चंद्र प्रकाश समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मो०आतिफ(अनम)
Also Read: लखनऊ पुलिस ने चोर और ज्वैलर को किया गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

