Unnao News: सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर बीईओ सख्त, बोले- सिर्फ टीचर ही जिम्मेदार नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: सरकारी स्कूलों में शिक्षा की खराब गुणवत्ता को देखते हुए, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संजय कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने हाल ही में विकास खंड सिकंदरपुर सरोसी के सरैया प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रों की कम उपस्थिति और उनके खराब शैक्षणिक स्तर पर नाराजगी जताई।
बीईओ ने स्कूल के सभी रजिस्टर, नामांकन विवरण और शिक्षण सामग्री की गहन जांच की। उन्होंने बच्चों से कुछ सवाल भी पूछे, लेकिन कई छात्र बुनियादी सवालों का जवाब भी नहीं दे पाए। इस पर उन्होंने मौजूद शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने का निर्देश दिया।

सरकार संसाधन दे रही, फिर भी परिणाम नहीं
खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने कई स्कूलों का निरीक्षण किया और हर जगह स्थिति एक जैसी है। उन्होंने कहा, “बच्चों को बेसिक गणित, हिंदी और अंग्रेजी का भी ज्ञान नहीं है, जो कि एक चिंताजनक स्थिति है।” उनका कहना था कि सरकार स्कूलों को पर्याप्त संसाधन और योजनाएं दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका कोई असर नहीं दिख रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि बच्चों की घटती संख्या का एक मुख्य कारण यही है कि अभिभावकों का सरकारी स्कूलों से भरोसा उठ गया है। बीईओ ने कहा कि अब समय आ गया है कि शिक्षक और अधिकारी मिलकर काम करें और शिक्षा की गुणवत्ता को इतना बेहतर बनाएं कि लोग खुद अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराएं।
जल्द शुरू होगी विशेष मुहिम
बीईओ ने बताया कि जल्द ही सभी विषयवार शिक्षकों के साथ विशेष बैठकें की जाएंगी, जिनमें शिक्षा का स्तर सुधारने की रणनीति बनाई जाएगी। अंग्रेजी पर खास ध्यान दिया जाएगा और बच्चों को रोचक तरीकों से पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “निपुण भारत मिशन” के तहत अधिक से अधिक स्कूलों को ‘निपुण विद्यालय’ बनाने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)
Also Read: Siddharthnagar News: बाढ़ प्रभावित इलाकों का डीएम ने किया दौरा, बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश

