Unnao News: महिला को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटे जेवर व नकदी, पुलिस जांच में जुटी

Unnao News: गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पोनी रोड स्थित बमबम चौराहे पर एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। तीन नकाबपोश बदमाश दिनदहाड़े घर में घुस आए और महिलाओं को बंधक बनाकर लाखों की नकदी, जेवरात व एक लाइसेंसी रिवॉल्वर लूटकर फरार हो गए।

कैसे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक कारोबारी राकेश शुक्ला काम पर निकले थे और उनकी बेटी स्कूल गई थी। घर पर उनकी पत्नी सीता शुक्ला अकेली थीं। तभी बदमाश किरायेदार रत्ना चौरसिया से “चाची दरवाजा खोलो” कहकर अंदर घुसे। उन्होंने पहले रत्ना को रस्सी से बांधकर कमरे में बंद किया, फिर सीता शुक्ला पर टूट पड़े। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला की बेरहमी से पिटाई की, दांत से हाथ काट डाला, अंगूठा काट दिया और उन्हें गला दबाकर बंधक बना लिया।

बदमाशों ने अलमारी और संदूक तोड़ डाले और नकदी, सोने-चांदी के जेवर और रिवॉल्वर लेकर भाग निकले। करीब आधे घंटे बाद शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और दोनों महिलाओं को मुक्त कराया।

सीसीटीवी में कैद संदिग्ध

सूचना मिलते ही एएसपी अखिलेश सिंह और सीओ सिटी दीपक यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी और बदमाशों ने पहले से रेकी की थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं।

फिलहाल पुलिस ने एसओजी और स्वाट टीम को जांच में लगाया है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Also Read: Lucknow News: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने बांटे मेडल और डिग्रियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.