Unnao News: पीईटी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कसी कमर, 16 परीक्षा केंद्रों पर होगी प्रशासन की नजर

 Unnao News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) शनिवार से शुरू हो रही है। जिले में दो दिन तक सुबह और शाम की दो पालियों में परीक्षा होगी, जिसमें 27 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अनुशासनहीनता पर पूरी तरह सख्ती बरती जाएगी।

बस सेवा से मिलेगी राहत

अभ्यर्थियों को केंद्र तक आसानी से पहुंचाने के लिए उन्नाव रोडवेज डिपो ने 25 से 30 अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है। ये बसें न सिर्फ शहर बल्कि लखनऊ, कानपुर और आसपास के जिलों तक भी अभ्यर्थियों को लाने-ले जाने की सुविधा देंगी। डिपो प्रबंधक का कहना है कि किसी भी परीक्षार्थी को परिवहन की दिक्कत नहीं होगी।

जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने खुद परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से कराई जाए। किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी हिदायतें

  • परीक्षा केंद्र पर कम से कम 1 घंटा पहले पहुंचे।
  • प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाएं।
  • मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्र में प्रतिबंधित हैं।

प्रशासन और रोडवेज की इन तैयारियों से अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में आसानी होगी और परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- मो. आतिफ (अनम)

Also Read: SCO समिट के बाद ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- हमने भारत को खो दिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.