Unnao News: 17 महीनों से नहीं मिला वेतन, तंग आकर नगर पालिका कर्मी ने किया सुसाइड

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव में नगर पालिका कर्मी की आत्महत्या से हड़कंप मच गया है। नगर पालिका में लिपिक के पद पर तैनात सतीश प्रजापति (28) ने मंगलवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए नगर पालिका के अधिकारियों और अध्यक्ष प्रतिनिधि को जिम्मेदार ठहराया है। जानकारी के मुताबिक, सतीश पिछले 17 महीनों से वेतन न मिलने की वजह से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। उनके परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से वेतन की मांग की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई आलोक ने बताया कि सोमवार को सतीश काम पर गए थे, जहां कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की थी। सुबह जब सतीश ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो उसे तोड़ा गया, जहाँ वह फंदे से लटके पाए गए। मौके से मिले सुसाइड नोट में सतीश ने नगर पालिका के ईओ संजय गौतम, अध्यक्ष प्रतिनिधि भानू मिश्रा, जलकल अभियंता विवेक वर्मा, और सेवानिवृत्त कर्मी राम समुझ व सुरेंद्र विश्वकर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सतीश के परिवार में उनकी पत्नी रिंकी और डेढ़ साल का एक बेटा तेजस है। परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस घटना से नगर पालिका के कर्मियों में भी काफी रोष है।

Also Read: सीपी राधाकृष्णन बने देश के 17वें उपराष्ट्रपति, 452 वोटों के साथ दर्ज की बड़ी जीत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.