Unnao News: 90 लाख का पुष्टाहार प्लांट एक हफ्ते से बंद, 435 आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण वितरण ठप

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की सरकारी योजनाएं अब सवालों के घेरे में आ गई हैं। विकास खंड बिछिया के अलगनगढ़ गांव में लगभग 90 लाख रुपये की लागत से बना पुष्टाहार लघु प्लांट पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ा है, जिससे 435 आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण सामग्री का वितरण बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

यह प्लांट राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी 20 महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा जरिया था। यहां प्रतिदिन 30 क्विंटल दलिया और पंजीरी का उत्पादन होता था, जो बिछिया और सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के कुल 435 आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाता था। प्लांट बंद होने से न केवल इन महिलाओं की रोजी-रोटी रुक गई है, बल्कि छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण पर भी सीधा असर पड़ रहा है।

प्लांट बंद होने का कारण मशीन में खराबी बताया जा रहा है। सहायता समूह की महिलाओं ने जब इसकी शिकायत अधिकारियों से की, तो इंजीनियर मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरम्मत करने का दावा किया, लेकिन महिलाओं का कहना है कि प्लांट अभी भी पूरी क्षमता से नहीं चल रहा है।

इस मामले पर बिछिया के खंड विकास अधिकारी फरहद खान ने कहा कि उन्हें प्लांट में खराबी की जानकारी नहीं है, और वह इस संबंध में पता कराएंगे। वहीं, जिला मिशन प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि मशीन का एक जरूरी पार्ट खराब है, जो गुजरात के राजकोट से आना है। उन्होंने कहा कि पार्ट की मांग कर दी गई है और जैसे ही वह आएगा, प्लांट को जल्द से जल्द शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी इस गंभीर मामले में लापरवाही बरत रहे हैं, जिसका खामियाजा बच्चों और महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है।

Also Read: Lucknow News: हजरतगंज स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में थार से मिला 20 किलो गोमांस, एक गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.