Unnao News: निजी बस से टकराई पुलिस टीम की कार, दरोगा की मौके पर मौत, छह गंभीर घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार पीछे से एक निजी बस में जा घुसी, जिससे कार चला रहे यूपी पुलिस के दरोगा मंजीत सिंह (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार सिपाही समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजस्थान से युवती को बरामद कर लौट रही थी पुलिस टीम
घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जब अमेठी सदर कोतवाली में तैनात दरोगा मंजीत सिंह अपनी टीम के साथ एक लापता युवती को राजस्थान से बरामद कर वापस लौट रहे थे। उनके साथ टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप तिवारी, पवन (35 वर्ष), संतोष, शिखा गुप्ता (19 वर्ष) और शीतला (23 वर्ष) भी मौजूद थे।
जैसे ही वाहन बांगरमऊ टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में चल रही एक निजी बस से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दरोगा मंजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम और बांगरमऊ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल बांगरमऊ अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देख उन्हें उन्नाव के बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दरोगा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
Also Read: तबादलों में भ्रष्टाचार पर बसपा प्रमुख मायावती का बड़ा बयान, विजिलेंस और एसआईटी से जांच की मांग

