Unnao News: दिनदहाड़े लूट से दहला पॉश इलाका, महिलाओं को धमकाकर लाखों की संपत्ति ले उड़े बदमाश

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पॉश मोहल्ले गोपीनाथपुरम में बुधवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।

दोपहर करीब एक बजे कुछ अज्ञात बदमाश एक घर में घुस आए और वहां मौजूद महिलाओं को धमकाकर लाखों रुपये की नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के वक्त घर में कुसुम श्रीवास्तव, उनकी 86 वर्षीय मां मुन्नी देवी और घरेलू सहायिका विमला मौजूद थीं।

बताया गया कि दो से तीन बदमाश घर का दरवाजा खटखटाकर भीतर घुसे और हथियारों से महिलाओं को डराकर घर का कोना-कोना खंगाल डाला।

लाखों की लूट, मोबाइल भी ले गए बदमाश

कुसुम श्रीवास्तव के अनुसार बदमाश घर से करीब ₹45 हजार नकद, तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने की अंगूठी, कुछ चांदी के सिक्के और नौकरानी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

लूट के बाद बदमाश मौके से तेजी से निकल भागे। शोर मचने पर आस-पास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।

हरकत में पुलिस महकमा, बदमाशों की तलाश तेज

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी दीपक भूकर, एएसपी अखिलेश सिंह व गंगाघाट कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घर का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एसपी दीपक भूकर ने बताया कि लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। “फील्ड यूनिट और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं, जिनके आधार पर बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

इलाके में दहशत, लोगों की सुरक्षा पर सवाल

दिनदहाड़े इस दुस्साहसिक वारदात के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल खड़े करती हैं।

हालांकि, पुलिस की तत्परता से लोगों में उम्मीद जगी है कि अपराधी जल्द कानून की गिरफ्त में होंगे।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीमें इलाके की निगरानी कर रही हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Also Read: UP News: सिद्धार्थनगर को बाढ़ से बचाना पहली प्राथमिकता, अधिशासी अभियंता कृपा शंकर भारती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.