उन्नाव में लूटकांड का खुलासा: मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूट का माल और असलहे बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिले गंगाघाट थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुरम मोहल्ले में 18 जून को हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का उन्नाव पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। अपराध विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के कब्जे से लूट का सामान, अवैध हथियार और नकदी बरामद हुई है।

कैसे हुई थी वारदात?

18 जून को गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित गोपीनाथपुरम में तीन अज्ञात बदमाश एक घर में घुस गए और हथियारों के बल पर लूट को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर पर गंगाघाट थाने में मुकदमा संख्या 353/25, धारा 309(4) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर एक संयुक्त टीम गठित की गई, जिसमें स्वॉट टीम, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस शामिल थी।

मुठभेड़ के बाद दबोचे गए आरोपी

शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों लुटेरे गंगाघाट क्षेत्र में गंगा गैलेक्सी के सामने मरहला आजाद मार्ग पर किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को फंसा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। तीसरे बदमाश को मौके से दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान

दीपक (उम्र 26 वर्ष)

पुत्र स्व. नरेश

निवासी अजीतपुर, थाना लालगंज, जिला रायबरेली

देवेंद्र सिंह (उम्र 19 वर्ष)

पुत्र सरवन सिंह

निवासी मरई, थाना हरियावा, जिला हरदोई

आशीष गुप्ता (उम्र 22 वर्ष)

पुत्र कालीचरन

निवासी पूर्वी दीनखेड़ा, थाना राजाजीपुरम, लखनऊ

बरामदगी: लूट का माल और असलहे

  • 2 देसी तमंचा (.315 बोर)
  • 2 जिंदा कारतूस व 2 खोखा कारतूस
  • 1 काला बैग
  • 10 जोड़ी चांदी की पायल
  • 50 चांदी के सिक्के
  • 1 जोड़ी पीली धातु के टप्स
  • ₹21,000 नकद

एसपी ने की टीम की सराहना

उन्नाव के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने इस कार्रवाई को अपराध विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इन बदमाशों के तार अन्य वारदातों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी पुष्टि जल्द हो सकती है।

Also Read: लखनऊ में ED की बड़ी कार्रवाई: कारोबारी सतिंदर सिंह भसीन की 44 करोड़ की संपत्ति जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.