उन्नाव: CDO कृतिराज की अध्यक्षता में पर्यावरण बचाने की रणनीति तय, 5 लाख मुआवजे की घोषणा

उन्नाव: जिले में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कृतिराज की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति और जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक में आगामी कार्यक्रमों और रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर फोकस

बैठक में आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रमों की सफलता और लगाए गए पौधों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

वर्ष 2025-26 में रोपित किए गए पौधों की सुरक्षा और समय पर सिंचाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। विकास खंडवार ‘ग्रीन चौपाल’ आयोजित की जाएंगी, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर जागरूक किया जाएगा। ‘सेवा पर्व’ के तहत जिले के 21 स्थानों पर वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया जाएगा।

गंगा और पर्यावरणीय सुधार के लिए कदम

जिला गंगा समिति की बैठक में विशेष रूप से स्वच्छता ही सेवा अभियान और जल स्रोतों के कायाकल्प पर जोर दिया गया। 17 सितंबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों को अनिवार्य रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि छात्रों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा सके। जिले की छोटी नदियों के कायाकल्प और उन्हें पुनर्जीवित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में आरआरसी सेंटर (मटेरियल रिकवरी सेंटर) और सामुदायिक शौचालयों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में डीएफओ आरूषी मिश्रा, जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, सहित अन्य विभागीय अधिकारी और पर्यावरण समिति के सदस्य प्रबोध अवस्थी एवं अखिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)

Also Read: उन्नाव में FLN प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संकट, 25 शिक्षकों की गैरहाजिरी पर बीईओ ने जारी किया नोटिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.