कुलदीप सेंगर की जमानत के विरोध में हाईकोर्ट के बाहर पीड़िता की मां का फूटा गुस्सा, बोलीं- अब सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव रेप कांड में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत (सजा पर रोक) के बाद विरोध की लहर तेज हो गई है। शुक्रवार को रेप पीड़िता की मां और कई महिला कार्यकर्ताओं ने दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और कोर्ट के फैसले के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पीड़िता की मां बेहद भावुक और आक्रोशित नजर आईं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें हाईकोर्ट के फैसले पर अब भरोसा नहीं रहा। उन्होंने मांग की कि सेंगर की जमानत तुरंत खारिज होनी चाहिए और उनके पति के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, अगर हमें सुप्रीम कोर्ट में भी न्याय नहीं मिला, तो हम इस देश से बाहर जाकर इंसाफ की गुहार लगाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटने के लिए कहा। पुलिस ने माइक पर चेतावनी देते हुए कहा कि कोर्ट के बाहर विरोध करना गैर-कानूनी है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी बात रखने के लिए जंतर-मंतर जाएं, अन्यथा 5 मिनट के भीतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं का टूटा आत्मविश्वास: मुमताज पटेल

कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने भी इस फैसले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक तकनीकी आधार पर सेंगर को मिली यह राहत देशभर की महिलाओं के मनोबल को तोड़ने वाली है। मुमताज पटेल के मुताबिक, यह फैसला समाज में एक गलत मिसाल कायम कर रहा है और महिलाओं की सुरक्षा के दावों पर सवालिया निशान लगाता है।

गौरतलब है कि दिल्ली की सीबीआई कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को नाबालिग से रेप के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने सजा पर रोक लगाते हुए सेंगर को 15 लाख रुपये के बेल बॉन्ड की शर्त पर जमानत दे दी है। इसी राहत के खिलाफ महिला एक्टिविस्ट योगिता भयाना ने भी मोर्चा खोल दिया है और जल्द ही कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही है।

Also Read: Varanasi News: बेलवरिया ग्राम प्रधान अशोक पटेल साथियों संग अपना दल कमेरावादी में शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.