वीरांगना ऊदा देवी पासी की प्रतिमा का अनावरण, राजनाथ सिंह और CM योगी ने किया नमन
Lucknow News: देश की स्वतंत्रता संग्राम में शौर्य, त्याग और बलिदान की प्रतीक वीरांगना ऊदा देवी पासी की प्रतिमा का अनावरण रविवार को उनके बलिदान दिवस के अवसर पर किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन कॉलोनी, सेक्टर 19 स्थित पासी चौराहा पर वीरांगना की हाथ में बंदूक लिए प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर स्वाभिमान समारोह का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें दोनों उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री और कई जानी-मानी हस्तियों और इतिहासकारों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की।
1857 के संग्राम में दिखाया था अद्भुत पराक्रम
वीरांगना ऊदा देवी पासी का बलिदान 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उनके अद्भुत साहस और पराक्रम के लिए याद किया जाता है। 16 नवंबर 1857 को सिकंदर बाग की लड़ाई में ऊदा देवी ने कमाल कर दिखाया था। उन्होंने पुरुष वेश धारण कर युद्ध में हिस्सा लिया और एक पीपल के पेड़ पर चढ़कर अपनी बंदूक से 36 अंग्रेज सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था, जिसके बाद उन्होंने वीरगति को प्राप्त किया।
ऊदा देवी का जन्म लखनऊ के निकट उजिरियांव गांव में हुआ था। वह बेगम हजरत महल की सुरक्षा में तैनात महिला दस्ते में शामिल थीं। उनके पति मक्का पासी भी अवध के नवाब वाजिद अली शाह की सेना में सिपाही थे।
Also Read: हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन सफल, एक दिन में 257 अपराधी गिरफ्तार

