Lucknow News: कर्तव्य पथ पर विशेष अतिथि बनेंगी यूपी की 14 लखपति दीदी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और हुनर को देश के सबसे बड़े मंच पर सम्मान मिलने जा रहा है। राज्य की 14 ‘लखपति दीदियां’ गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। ये वो महिलाएं हैं जो राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर सिर्फ अपना ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का जीवन संवार रही हैं।

ये दीदियां शुक्रवार को लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं। समारोह में ये केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भी मौजूद रहेंगी और देशभर से आईं अन्य लखपति दीदियों के साथ दिल्ली के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी करेंगी।

मंशा देवी (गोरखपुर): ई-रिक्शा चलाकर और दूसरों को ट्रेनिंग देकर 18-20 हजार रुपये महीना कमा रही हैं।

रितु देवी (बिजनौर): विदुर कैफे चला रही हैं, जहां रोजाना 6-7 हजार रुपये की कमाई होती है।

ऋतु शर्मा (अलीगढ़): मसाला बनाने का कारोबार शुरू किया और 250 से ज्यादा महिलाओं को रोजगार दिया।

गुड़िया देवी (रायबरेली): डेयरी व्यवसाय से पिछले साल 3.42 लाख रुपये कमाए।

सुमन देवी (बिजनौर): प्रेरणा कैफे संचालित कर रोजाना 7-8 हजार रुपये कमा रही हैं।

Lakhpati Didi

ये भी हैं सूची में

प्रवेश कुमारी (झांसी)- पशु आहार का व्यवसाय, सरिता देवी (कौशांबी)- ई-रिक्शा से 3 लाख सालाना आय, निर्मला देवी (चित्रकूट)- डेयरी, मंत्रवती शाक्य (इटावा)- आधुनिक खेती, विजेता गोयल (इटावा)- ब्यूटी पार्लर और सीएससी सेंटर, अनुपमा सिंह (संभल)- मोटे अनाज के उत्पाद, आशा (देवरिया)- कैंटीन और बीमा एजेंसी, मोनिका (संभल)- सौंदर्य प्रसाधन निर्माण और राजकुमारी देवी (गोरखपुर)- दुग्ध उत्पादन।

हर दीदी के पास है संघर्ष की कहानी

ये सभी महिलाएं अपने-अपने गांवों से निकलकर ई-रिक्शा चालक, पशुपालक, कैफे मालिक, मसाला निर्माता और उद्यमी बनी हैं। इन्होंने न सिर्फ अपनी आर्थिक हालत बदली बल्कि दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दिया और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लखपति दीदी अभियान’ के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने के विजन का साकार रूप है।

Also Read: ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका, खामेनेई बंकर में अंडरग्राउंड, बेटे के हाथ प्रशासन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.