यूपी में 77,400 से ज्यादा शिक्षक पद खाली, लखनऊ में AAP छात्रविंग का प्रदर्शन
UP Teacher Vacancy: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और शिक्षकों के खाली पदों को लेकर आम आदमी पार्टी की छात्रविंग ने मंगलवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। जीपीओ के पास प्रदेश अध्यक्ष अनित रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं सुधारने और खाली पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग की।
अनित रावत ने कहा कि प्रदेश के कई सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त कक्ष और शिक्षक तक नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 77,400 से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। उनके मुताबिक इन पदों पर नियुक्ति होने से स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा
रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण का जिक्र करते हुए युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार की मांग करने वाले युवाओं को ‘नक्सली दिमाग’ कहना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। उन्होंने कहा कि युवा अपना अधिकार मांग रहे हैं, कोई खैरात नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है। छात्रविंग ने सरकार से सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने और सभी रिक्त शिक्षक पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंशुल यादव, संगठन मंत्री आशीष, निलेश, चन्द्रजीत और शाहिद समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नई शिक्षक भर्ती शुरू करने की मांग उठाई।
Also Read: Pratapgarh News: बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर साले की हत्या करने पहुंचा रिटायर्ड फौजी, मारीं 3 गोलियां

