यूपी: हापुड़ हाईवे पर मुनीम से 85 लाख की लूट, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े हापुड़-गाजियाबाद हाईवे पर तमंचे के बल पर एक मुनीम से ₹85 लाख की सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया गया है। बाइक सवार बदमाशों ने मुनीम की चलती बाइक को लात मारकर गिराया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

यह घटना हापुड़-गाजियाबाद हाईवे पर सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास फ्लाईओवर पर घटी। दादरी निवासी पीड़ित अजय पाल, जो घी-तेल व्यापारी गोपाल के यहां मुनीम (कलेक्शन एजेंट) का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, अजय पाल सोमवार को हापुड़ के दो व्यापारियों से कुल ₹85 लाख (एक से ₹55 लाख और दूसरे से ₹30 लाख) वसूल कर बाइक से गाजियाबाद लौट रहे थे।

जैसे ही अजय पाल फ्लाईओवर पर पहुंचे, पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में जोर से लात मारी, जिससे अजय पाल गिर गए। इससे पहले कि वह संभल पाते, बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर डराया और रुपयों से भरा पिट्ठू बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई

दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस लूट की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एएसपी विनीत भटनागर ने लूट की पुष्टि की और बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है और घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। इस बड़ी वारदात से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Also Read: बीजेपी के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने संभाला पदभार, अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया स्वागत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.