UP: आज से खुले प्रदेश के सभी स्कूल, 15 जुलाई से शुरू होगा स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में गर्मी की छुट्टियों के बाद बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के सभी स्कूल 1 जुलाई (मंगलवार) से दोबारा खुलने जा रहे हैं। इसी के साथ शैक्षिक सत्र 2025–26 की शुरुआत होगी और “स्कूल चलो अभियान” का दूसरा चरण भी पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
1 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत शिक्षक, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और मां समूह की महिलाएं गांव-गांव जाकर ऐसे बच्चों के घर पहुंचेंगी जो अभी तक स्कूल नहीं जा रहे हैं। उनका नामांकन सुनिश्चित कर बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाएगा। खासतौर पर उन बच्चियों पर ध्यान दिया जाएगा जो पारिवारिक या सामाजिक कारणों से स्कूल नहीं आ पा रही हैं।
कक्षा 1 से 3 तक पढ़ने वाले लगभग 45 लाख बच्चों को नई पाठ्यपुस्तकें पहले ही तैयार कर दी गई हैं, जो स्कूल खुलते ही उन्हें वितरित कर दी जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि बच्चों का पहले दिन रोली-चंदन से स्वागत किया जाए और स्कूल परिसर को विशेष रूप से सजाया जाए। इस मौके पर मिड-डे मील में विशेष भोज जैसे खीर या हलवा भी परोसा जाएगा। अब तक प्रदेश के स्कूलों में करीब 1.40 करोड़ बच्चों का नामांकन हो चुका है। सरकार की ओर से हर जिले को स्कूल चलो अभियान के लिए ₹2 लाख का बजट भी दिया गया है।
यूनिफॉर्म और DBT से जुड़े निर्देश
बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन बच्चों को DBT के माध्यम से यूनिफॉर्म का पैसा मिल चुका है, वे बच्चे स्कूल में ड्रेस पहनकर आएं, यह सुनिश्चित किया जाए।
स्कूल खुलने का समय
माध्यमिक विद्यालय: सुबह 7:30 से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे।
बेसिक विद्यालय: सुबह 8:00 से दोपहर 2:00 बजे तक संचालन होगा।
इस साल पहली बार गर्मी की छुट्टियों के दौरान बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन भी किया गया, जिससे बच्चों के रचनात्मक और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा मिला।

