UP News: ANTF की बड़ी कार्रवाई, 3 करोड़ के मादक पदार्थों के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ड्रग फ्री उत्तर प्रदेश’ के विजन को धरातल पर उतारते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात प्रदेशव्यापी समन्वित अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में सहारनपुर, बरेली और आगरा की यूनिटों ने कुल 4 बड़े मामलों का खुलासा करते हुए 7 शातिर तस्करों को दबोच लिया। इनके पास से 3 किलो अफीम और 514 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये है।

चार जिलों में ANTF की सर्जिकल स्ट्राइक

मेरठ (सहारनपुर यूनिट): मऊखास चौकी के पास से बरेली के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 16 लाख की अफीम बरामद हुई।

बरेली यूनिट: थाना सुभाषनगर क्षेत्र से वीरेंद्र नाम के तस्कर को दबोचा गया, जिसके पास से 20 लाख रुपये मूल्य की 4 किलो अफीम मिली।

अलीगढ़ (आगरा यूनिट): यह इस अभियान की सबसे बड़ी कामयाबी रही। इगलास क्षेत्र से पुष्पेंद्र नाम के तस्कर को गिरफ्तार कर 2.50 करोड़ रुपये का गांजा (490 किलो) बरामद किया गया। पुलिस ने यहां से एक ट्रैक्टर, एक कार और तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं।

आगरा: ट्रांसयमुना क्षेत्र से मनोज और जाकिर को 12 लाख के गांजे के साथ पकड़ा गया। ये दोनों ट्रेन और बस के जरिए ओडिशा से माल लाकर यूपी में खपाते थे।

संपत्ति की पहचान और फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशानुसार, ANTF केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है। अब पुलिस इस नेटवर्क की ‘सप्लाई चेन’ को जड़ से काटने के लिए इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। साथ ही, नशीले पदार्थों के व्यापार से अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क करने की विधिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

ANTF का अब तक का शानदार सफर

टास्क फोर्स के गठन से अब तक 1003 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है और कुल 381 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। यह आंकड़े गवाही देते हैं कि यूपी में अब नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं बची है।

Also Read: लखनऊ पुलिस का ‘चाइनीज मांझा’ मुक्त अभियान, डीसीपी पश्चिम की व्यापारियों संग बड़ी बैठक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.