UP: चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, नाक काटने की कोशिश, ऐसे बचाई जान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरुद्ध न्यायालय में मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर अज्ञात हमलावरों ने प्राणघातक हमला किया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उनकी नाक काटने और चेहरे पर गंभीर प्रहार कर जान लेने का प्रयास किया।

आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे, तभी सिराथू रेलवे स्टेशन (कौशाम्बी) के समीप घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों का मुख्य निशाना आशुतोष की नाक थी, जिसे उन्होंने धारदार हथियार से काटने की कोशिश की। लहूलुहान अवस्था में आशुतोष ने सूझबूझ दिखाई और दौड़कर ट्रेन के शौचालय (टॉयलेट) में खुद को अंदर से बंद कर लिया। हमलावरों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन यात्रियों के शोर मचाने पर वे मौके से फरार हो गए।

शंकराचार्य पर साजिश का आरोप

प्रयागराज पहुंचने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी और प्राथमिक उपचार कराया। आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगी मुकुंदानन्द को जिम्मेदार ठहराया है। आशुतोष का दावा है कि चूंकि उन्होंने शंकराचार्य के विरुद्ध कानूनी मोर्चा खोल रखा है, इसलिए उनकी आवाज दबाने और जान लेने के लिए यह सोची-समझी साजिश रची गई। उन्हें पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं।

पुलिस और जीआरपी की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज पुलिस और जीआरपी (GRP) ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। पुलिस सिराथू स्टेशन और ट्रेन के भीतर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कोच में मौजूद अन्य यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हमलावरों का हुलिया स्पष्ट हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: 12 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, इमामबाड़ा के पास ANTF ने बिछाया जाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.