यूपी विधानसभा: सीएम योगी का सपा पर करारा प्रहार, बोले- अपराधियों के तार समाजवादियों से जुड़े
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सदन में कोडिन कफ सिरप मामले पर सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। सीएम ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में इस सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है और इस अवैध कारोबार में शामिल सिंडिकेट के तार समाजवादी पार्टी के नेताओं से जुड़े हैं।
यूपी में उत्पादन नहीं, केवल अवैध डायवर्जन का मामला
मुख्यमंत्री ने सदन में तकनीकी तथ्यों को स्पष्ट करते हुए कहा उत्तर प्रदेश में कोडिन सिरप के कारण किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई है। जो मामले सामने आए हैं, वे तमिलनाडु में बने सिरप के कारण अन्य राज्यों में हुए हैं। यूपी में कोडिन सिरप का उत्पादन नहीं होता; यह मुख्य रूप से मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बनता है। यह मामला ‘इललीगल डायवर्जन’ का है, जहां होलसेलर्स ने नशे के आदी लोगों तक इसे पहुंचाया, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां शराबबंदी लागू है।
सपा पर सीधा हमला: “2016 का लाइसेंस और लोहिया वाहिनी कनेक्शन”
सीएम योगी ने साक्ष्यों के साथ समाजवादी पार्टी के ‘भौकाल’ पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिस सबसे बड़े होलसेलर को एसटीएफ ने पकड़ा है, उसे 2016 में सपा सरकार के दौरान ही लाइसेंस जारी किया गया था। अवैध लेन-देन के प्रमाण लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के बैंक खाते से मिले हैं। सीएम ने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा, “आप यहां चिल्लाते रहेंगे और आपके ‘बबुआ’ सैरसपाटे के लिए इंग्लैंड चले जाएंगे।”
अब तक की बड़ी कार्रवाई
सरकार ने इस सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। अब तक 79 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 225 अभियुक्त नामजद हैं। जबकि 78 अभियुक्त जेल भेजे जा चुके हैं और 134 फर्मों पर छापेमारी की गई है। सरकार ने कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखा, जिसके बाद अब इस मामले में NDPS एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चिंता मत कीजिए, अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की पूरी तैयारी है। जब कार्रवाई होगी, तब चिल्लाइएगा नहीं।
Alos Read: सदन में CM योगी ने अखिलेश के साथ दिखाई आरोपियों की फोटो, पूछे संबंध

