UP विधानसभा: आज से शुरू होगी ₹9.12 लाख करोड़ के बजट पर चर्चा, 17 को कांग्रेस का प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के तहत आज (सोमवार) से वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर व्यापक चर्चा शुरू होने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सदन की कार्यवाही शुरू होगी, जिसमें सत्तापक्ष बजट की उपलब्धियां गिनाएगा, वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

सदन की कार्ययोजना: शुक्रवार को सीएम देंगे जवाब

बीती 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा पेश किए गए 9.12 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक बजट पर चर्चा के लिए पूरा सप्ताह तय किया गया है। चर्चा की शुरुआत में विभिन्न दलों के विधायकों को बजट पर अपने विचार रखने का मौका दिया जाएगा। चर्चा के समापन पर दलीय नेताओं और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का संबोधन होगा।

चर्चा के अंतिम दिन (शुक्रवार) नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे। इसके बाद बजट अनुदान मांगों पर मतदान होगा और बजट को पारित कराया जाएगा।

कांग्रेस की रणनीति: 17 फरवरी को विधानसभा घेराव

बजट चर्चा के बीच सड़क पर भी सियासी पारा चढ़ने वाला है। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घोषणा की है कि किसान उत्पीड़न और सरकार की ‘गलत’ नीतियों के विरोध में 17 फरवरी को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस ने प्रदेशभर में ‘किसान अधिकार गांव संवाद’ अभियान शुरू किया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सरकार की नीतियां किसानों के हितों के खिलाफ हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर 50-50 किसानों के समूहों को इन “खतरों” के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

हंगामेदार रहने के आसार

माना जा रहा है कि बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दे पर विपक्ष सदन में आक्रामक रुख अख्तियार करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जवाब सत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जिसमें वे सरकार का विजन और भविष्य की योजनाओं का खाका पेश करेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.