यूपी विधानसभा: सदन में ‘वंदे मातरम्’ पर महामंथन आज, अनुपूरक बजट के साथ विपक्ष को घेरने की पुख्ता रणनीति

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र का आज एक महत्वपूर्ण दिन है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार न केवल वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) पेश करेगी, बल्कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर सदन में एक विशेष चर्चा भी आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष के हर प्रहार का तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए ‘पूरी तैयारी’ के साथ आने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री की मंत्रियों और विधायकों को ‘क्लास’

रविवार को लोकभवन में हुई भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सीएम योगी ने स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। विपक्ष के किसी भी आरोप या सवाल का उत्तर पूरी शालीनता लेकिन दमदार तथ्यों के साथ दिया जाए। सीएम योगी ने अनुपूरक बजट और वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान सभी विधायकों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम ने सचेत किया कि विपक्ष वंदे मातरम् जैसे राष्ट्रीय अस्मिता के विषय से ध्यान भटकाने की कोशिश कर सकता है, जिससे दिग्भ्रमित नहीं होना है। कोई भी सदस्य ऐसा बयान न दे जिससे सरकार या संगठन के लिए असहज स्थिति पैदा हो।

आज के मुख्य विधायी कार्य

सरकार अपनी नई विकासपरक योजनाओं और निवेश संबंधी प्रस्तावों के लिए अतिरिक्त बजट की मांग रखेगी। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने पर सदन में 5 घंटे की विशेष चर्चा प्रस्तावित है। बजट पेश करने से पहले सीएम की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण विधेयकों और विकास योजनाओं को मंजूरी मिल सकती है।

सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम

सत्र की संवेदनशीलता और विपक्ष के कड़े रुख को देखते हुए विधान भवन परिसर को अभेद्य किले में बदल दिया गया है। पूरे इलाके को 4 जोन और 10 सेक्टर में बांटा गया है। PAC, रैपिड रिस्पांस फोर्स और ATS की 3 स्पेशल कमांडो टीमें तैनात की गई हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.