दिवंगत विधायकों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, सदन में फोन बजने पर स्पीकर ने भाजपा विधायक का मोबाइल कराया जब्त
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन का माहौल मिला-जुला रहा। जहाँ एक ओर दिवंगत विधायकों के सम्मान में शोक प्रस्ताव पास किया गया, वहीं दूसरी ओर सदन की गरिमा भंग होने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अनुशासन की एक बड़ी लकीर खींच दी।
सदन की कार्यवाही के दौरान उस वक्त सन्नाटा खिंच गया जब भाजपा विधायक चौधरी बाबू लाल का मोबाइल फोन एक-दो बार बज उठा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इसे सदन की कार्यवाही में गंभीर व्यवधान माना। गौरतलब है कि सदन के भीतर मोबाइल इस्तेमाल करने की सख्त मनाही है और फोन को साइलेंट मोड पर रखना अनिवार्य है। स्पीकर महाना ने तत्काल मार्शल को इशारा किया और विधायक का फोन जब्त करने के निर्देश दिए।
सदन की कार्यवाही के दौरान भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल और सपा विधायक विजय सिंह गौड़ के निधन पर शोक प्रस्ताव पास किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित सभी दलों के नेताओं ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।
प्रो. श्याम बिहारी लाल (बरेली, फरीदपुर): सीएम योगी ने उन्हें एक मिलनसार, शिक्षित और जमीन से जुड़ा नेता बताया। बरेली और जेएनयू की समितियों में सक्रिय रहे प्रोफेसर लाल का 2 जनवरी को निधन हो गया था। उनके जाने को फरीदपुर क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया गया।
विजय सिंह गौड़ (सोनभद्र): 8 जनवरी को दुनिया छोड़ने वाले विजय सिंह गौड़ 8वीं बार विधायक चुने गए थे। उन्हें ‘जल, जंगल और जमीन’ की लड़ाई लड़ने वाली आदिवासियों की सशक्त आवाज माना जाता था। माता प्रसाद पांडेय ने याद किया कि वे राजनीतिक चमक-धमक से दूर रहने वाले बेहद सादगी पसंद इंसान थे।
नेताओं ने साझा की यादें
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सदन प्रोफेसर साहब के ज्ञान से वंचित हो गया है। वहीं आराधना मिश्रा ‘मोना’, ओम प्रकाश राजभर और राजपाल सिंह बालियान ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इन नेताओं का जाना प्रदेश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Also Read: Badaun News: रुपयों के लिए पति ने दोस्तों को सौंपी पत्नी, जंगल में ले जाकर किया सामूहिक दुष्कर्म

