UP ATS ने लखनऊ से बांग्लादेशी महिला को किया गिरफ्तार, दस्तावेज़ बनाने वाला युवक भी पकड़ा गया
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (यूपी एटीएस) ने शनिवार को लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में महिला को अवैध रूप से भारतीय दस्तावेज़ मुहैया कराने वाले एक युवक को भी पकड़ा गया है।
फर्जी कागजात पर रह रही थी किराए पर
यूपी एटीएस ने बांग्लादेशी महिला को तब पकड़ा, जब वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे चोरी-छिपे लखनऊ में किराए पर रह रही थी। एटीएस और अन्य खुफिया एजेंसियाँ गिरफ्तार महिला और दस्तावेज़ बनाने वाले युवक से गहन पूछताछ कर रही हैं, ताकि उनके नेटवर्क और भारत में घुसपैठ के संगठित गिरोहों का पता लगाया जा सके।
घुसपैठियों के खिलाफ योगी सरकार सख्त
उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के साथ-साथ उनके संगठित गिरोहों से निपटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
बीते दो वर्षों में कई ऐसे गिरोहों का खुलासा हुआ है जो घुसपैठ कराने, भारतीय नागरिकता के फर्जी दस्तावेज़ बनवाने और मानव तस्करी में शामिल थे। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में घुसपैठियों को चिह्नित कर उन्हें डिटेंशन सेंटर भेजने और सत्यापन के बाद वापस उनके देश भेजने का सख्त आदेश दिया है।
यूपी एटीएस पिछले आठ वर्षों में लगभग 200 बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को गिरफ्तार कर चुकी है, हालांकि उन्हें वापस भेजने की कवायद अभी पूरी नहीं हो सकी है। घुसपैठियों ने बड़े शहरों के अलावा छोटे जिलों में भी अपने ठिकाने बना लिए हैं।
Also Read: UP News: सियासी घमासान के बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भरा SIR फॉर्म, तस्वीर आई सामने

