Lucknow News: नए कप्तान पंकज चौधरी के साथ यूपी बीजेपी की बड़ी बैठक, संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी बिसात बिछाने की तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें संगठन की भावी रणनीति और बड़े बदलावों को लेकर मंथन किया गया। पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक संगठनात्मक बैठक थी। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत यूपी भाजपा के तमाम दिग्गज नेता शामिल हुए।

UP BJP Organization Changes

पिछले 3-4 सालों से यूपी बीजेपी के संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। अब 2027 की चुनौतियों को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले एक से दो महीनों के भीतर संगठन की पूरी सूरत बदल सकती है। पार्टी के सभी विभागों, प्रकोष्ठों और मोर्चों (युवा, महिला, ओबीसी आदि) में नए चेहरों को जगह दी जा सकती है। जिन पदाधिकारियों का प्रदर्शन पिछले कुछ चुनावों में ढीला रहा है या जिनके खिलाफ कार्यकर्ताओं की शिकायतें हैं, उन्हें हटाया जा सकता है। अनुभवी नेताओं के साथ-साथ कुछ ऊर्जावान नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपने की तैयारी है।

UP BJP Organization Changes

जेपी नड्डा और पंकज चौधरी का जोरदार स्वागत

नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शुक्रवार देर रात जब लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। वहीं, शनिवार को जेपी नड्डा के लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक केसरिया माहौल नजर आया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आने वाले दिनों में पार्टी की कई कार्यशालाओं (Workshops) और जिला स्तर की बैठकों में शामिल होंगे, ताकि जमीनी हकीकत को समझकर संगठन में जरूरी कील-कांटे दुरुस्त किए जा सकें।

Also Read: सोनिया गांधी का केंद्र पर प्रहार, मोदी सरकार ने मनरेगा पर बुलडोजर चला दिया, गरीबों का हक छीन रही है दिल्ली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.