यूपी बीजेपी को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष, दिल्ली भेजी गई 6 नामों की लिस्ट, जातीय संतुलन पर खास फोकस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संगठन को मज़बूत करने की कवायद शुरू कर दी है। फिलहाल पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नया चेहरा तय करना।

सूत्रों के मुताबिक, इस सिलसिले में यूपी बीजेपी की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को छह संभावित नामों की सूची भेज दी गई है, जिनमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का पूरा ध्यान रखा गया है। माना जा रहा है कि अगले दो हफ्तों के भीतर नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान हो सकता है।

किसे मिल सकती है कमान? जानिए 6 दावेदारों के नाम

सूत्रों के अनुसार, जिन छह नेताओं के नाम सामने आए हैं, वे तीन प्रमुख सामाजिक वर्गों से आते हैं ब्राह्मण, ओबीसी और दलित। पार्टी नेतृत्व कोशिश कर रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ऐसा चेहरा प्रदेश अध्यक्ष बने जो न सिर्फ जनता में लोकप्रिय हो बल्कि संगठन में मजबूत पकड़ भी रखता हो।

ब्राह्मण वर्ग से:

  • दिनेश शर्मा – पूर्व उपमुख्यमंत्री, शिक्षाविद और साफ-सुथरी छवि वाले नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।
  • हरीश द्विवेदी – पूर्व सांसद (बस्ती) और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं।

ओबीसी वर्ग से:

  • धर्मपाल सिंह – यूपी सरकार में वरिष्ठ मंत्री, अनुभव और संगठनात्मक समझ में माहिर।
  • बीएल वर्मा – केंद्रीय राज्य मंत्री, संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले भरोसेमंद नेता।

दलित वर्ग से:

  • रामशंकर कठेरिया – पूर्व केंद्रीय मंत्री, तेजतर्रार हिंदुत्ववादी छवि के साथ संगठन में मजबूत पकड़।
  • विद्या सागर सोनकर – एमएलसी, पूर्वी उत्तर प्रदेश में दलित समाज में अच्छी पकड़।

बीजेपी इन नामों के जरिए राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश में है। हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ पार्टी चाहती है कि प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा ऐसा हो जो जनता से जुड़ा हुआ हो, चुनावी मोर्चे पर मजबूत हो और विपक्ष को सीधी टक्कर दे सके।

क्यों ज़रूरी है ये बदलाव?

2024 के लोकसभा चुनावों में यूपी बीजेपी को कुछ सीटों पर झटका लगा, जिससे पार्टी ने 2027 की रणनीति अभी से तय करनी शुरू कर दी है। फिलहाल भूपेंद्र सिंह चौधरी प्रदेश अध्यक्ष हैं, जो पश्चिमी यूपी से आते हैं और जाट समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। लेकिन अब पार्टी एक नया चेहरा लाकर प्रदेश में नई ऊर्जा भरने की तैयारी में है।

Also Read: यूपी में पिछड़े वर्ग की बेटियों की शादी के लिए खुशखबरी, अनुदान राशि बढ़ाने की तैयारी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.