UP Board Exam: गाजीपुर में STF का बड़ा एक्शन, प्रधानाचार्य की मिलीभगत से परीक्षा दे रहा सॉल्वर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को शुचितापूर्ण ढंग से कराने के दावों के बीच गाजीपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भगेलू दास इण्टर कॉलेज में छापेमारी कर एक सॉल्वर और स्कूल के प्रधानाचार्य को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्रधानाचार्य ने ही कराई थी सॉल्वर की ‘एंट्री’
एसटीएफ की वाराणसी यूनिट को सूचना मिली थी कि दूल्लहपुर स्थित इस कॉलेज में प्रधानाचार्य की शह पर नकल माफिया सक्रिय हैं। जब टीम ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर कक्ष संख्या-12 में चेकिंग की, तो वहां शुभम यादव नाम के परीक्षार्थी की जगह शिवम यादव बैठकर अंग्रेजी का पेपर हल कर रहा था। पुलिस ने सॉल्वर के साथ-साथ कॉलेज के प्रधानाचार्य विन्ध्याचल यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है।
3 दिनों से दे रहा था परीक्षा, बायोमेट्रिक भी नहीं हुई
पूछताछ में सॉल्वर शिवम यादव ने जो खुलासा किया, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवम ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से शुभम की जगह परीक्षा दे रहा है और हिंदी व सामाजिक विज्ञान का पेपर भी वही लिख चुका है। प्रधानाचार्य ने इस काम के लिए 40 हजार रुपये लिए थे। इसी मिलीभगत के कारण पिछले तीन दिनों में कभी भी सॉल्वर की बायोमेट्रिक जांच या पहचान पत्र का मिलान नहीं किया गया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
हाईस्कूल अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका।
ओएमआर (OMR) शीट और प्रवेश पत्र।
आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को दूल्लहपुर थाने के हवाले कर दिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2) और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ अब यह पता लगा रही है कि इस खेल में और कौन-कौन से स्कूल या बाहरी लोग शामिल हैं।
Also Read: मौलाना आज़ाद: शिक्षा और लोकतंत्र के अडिग स्तंभ, लखनऊ में संगोष्ठी के जरिए विकसित भारत का खाका तैयार

