UP बोर्ड परीक्षाओं का शंखनाद: फूलों और तिलक के साथ परीक्षार्थियों का स्वागत; 53 लाख से अधिक छात्र दे रहे हैं परीक्षा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज (बुधवार) से कड़ी सुरक्षा और सकारात्मक वातावरण के बीच शुरू हो गई हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री की ‘नकल विहीन परीक्षा’ की मंशा के अनुरूप, इस बार केंद्रों पर न केवल तकनीक का पहरा है, बल्कि परीक्षार्थियों का स्वागत भी बेहद पारंपरिक और स्नेहपूर्ण तरीके से किया गया।

फूलों और तिलक से स्वागत, उत्साह में छात्र

परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल दिखा। लखनऊ के काली चरण इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों पर पुष्पवर्षा की गई, वहीं सीतापुर जैसे जिलों में छात्रों को तिलक लगाकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। इस अनूठी पहल का उद्देश्य छात्रों के मन से परीक्षा के तनाव (Exam Stress) को कम करना और उनमें आत्मविश्वास जगाना है।

परीक्षा के प्रमुख आंकड़े

कुल परीक्षार्थी: 53,37,778

हाईस्कूल (10वीं): 27,61,696 छात्र

इंटरमीडिएट (12वीं): 25,76,082 छात्र

कुल परीक्षा केंद्र: 8,033 (राजकीय: 596, एडेड: 3,453, स्ववित्त पोषित: 3,984)

नकल रोकने के लिए ‘डिजिटल चक्रव्यूह’

माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।

प्रदेश के 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। कुल 222 केंद्र ‘अति संवेदनशील’ और 683 ‘संवेदनशील’ श्रेणी में हैं।

अति संवेदनशील केंद्रों पर STF (स्पेशल टास्क फोर्स) और स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) को सक्रिय रखा गया है। इन केंद्रों का दिन में दो बार औचक निरीक्षण होगा।

परीक्षा कक्ष में मोबाइल, स्मार्ट वॉच या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह वर्जित है। परीक्षार्थियों के लिए आधार कार्ड और प्रवेश पत्र साथ रखना अनिवार्य है।

सीतापुर और लखनऊ में विशेष इंतजाम

सीतापुर जिले में 146 केंद्रों को 7 जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। पहली पाली में हाईस्कूल के हिंदी के पेपर के लिए 6 सचल दल (Flying Squads) लगातार गश्त कर रहे हैं। हालांकि, कुछ केंद्रों पर सुबह सुरक्षाकर्मियों की कमी की खबरें भी आईं, जिसे प्रशासन ने जल्द दुरुस्त करने का दावा किया है।

Also Read: कुशीनगर के हॉकी स्टार्स तैयार! प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए इस दिन होगा चयन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.