UP News: उन्नाव कोर्ट परिसर में बर्बरता, मर्डर केस की सुनवाई के दौरान दंपति और वृद्ध की निर्मम पिटाई

Sandesh Wahak Digital Desk: उन्नाव जिला कचहरी में (आज) शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हत्या के मामले में पैरवी कर रहे परिवार के तीन सदस्यों — एक दंपति और एक वृद्ध — को खुलेआम बेरहमी पीटा गया।

घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें पीड़ित पक्ष खून से लथपथ दिखाई दे रहा है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, उनके एक सदस्य की हत्या पूर्व में हो चुकी थी। वह केस उन्नाव अदालत में विचाराधीन है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान मृतक का परिवार अदालत में मौजूद था, तभी आरोपियों की ओर से आए कुछ लोगों (वकील की वेशभूषा) ने उन पर समझौते का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि समझौता न मानने पर आरोपियों ने खुलेआम मारपीट शुरू कर दी। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला और वृद्ध व्यक्ति पर भी कोई रहम नहीं किया गया। तीनों घायल जमीन पर पड़े दिखाई दिए, जबकि हमलावर बेखौफ नजर आ रहे थे।

अक्सर मिलती थीं धमकियां

पीड़ित ने बताया कि आरोपी पक्ष पहले से ही उन्हें धमकियां देता आ रहा था। “हमें लगातार समझौता करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। जब हमने मना किया, तो आज कचहरी में हम पर हमला कर दिया गया,” उन्होंने कहा।

पुलिस ने क्या कहा?

घटना के बाद पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्नाव पुलिस के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

उन्नाव एसपी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कचहरी परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा को और सख्त किया जाएगा।

Also Read: लखनऊ की HK इन्फ्राविजन का जॉइंट डायरेक्टर गिरफ्तार, सैनिकों को प्लॉट के नाम पर करोड़ों का लगाया चूना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.