यूपी बजट 2026-27: अब बेटियों की शादी के लिए मिलेंगे 1 लाख रुपये, योगी सरकार ने सामूहिक विवाह की राशि की दोगुनी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में 9.12 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट पेश किया। अगले साल होने वाले चुनावों से पहले सरकार ने इस बजट के जरिए हर वर्ग को साधने की कोशिश की है, लेकिन सबसे बड़ी खुशखबरी उन परिवारों के लिए आई है जो अपनी बेटियों की शादी के लिए सरकारी मदद पर निर्भर हैं।
योगी सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली मदद को दोगुना कर दिया है। अब तक सामूहिक विवाह योजना के तहत बेटियों को 51,000 रुपये की सहायता मिलती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1.01 लाख रुपये कर दिया गया है। इस योजना के लिए सरकार ने 750 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। अनुसूचित जाति के गरीबों की बेटियों की शादी के लिए 100 करोड़ रुपये और सामान्य वर्ग के निर्धन परिवारों की बेटियों के लिए 50 करोड़ रुपये अलग से प्रस्तावित किए गए हैं।
रोजगार और महिलाओं की भागीदारी पर जोर
युवाओं को नौकरी के काबिल बनाने के लिए सरकार पीपीपी (PPP) मॉडल पर निजी कंपनियों के साथ मिलकर नए ट्रेनिंग सेंटर खोलेगी। खास बात यह है कि महिलाओं को कार्यबल (Workforce) में शामिल करने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
किसानों के लिए एग्री-एक्सपोर्ट हब
किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार ने विश्व बैंक (World Bank) की मदद से यूपी-एग्रीज परियोजना शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत एक बड़ा कृषि निर्यात केंद्र (Export Hub) बनाया जाएगा, जिससे प्रदेश का अनाज और फल विदेशों तक आसानी से पहुँच सकेंगे।
बजट की कुछ और खास बातें
बजट का आकार: पिछले साल के मुकाबले बजट में 12.2% की बढ़ोतरी हुई है।
प्रति व्यक्ति आय: सरकार का अनुमान है कि 2025-26 तक राज्य में प्रति व्यक्ति आय 1,20,000 रुपये तक पहुँच जाएगी।
व्यापार में आसानी: उद्योगों के लिए लाइसेंसिंग और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा।
Also Read: आतंकी अब्दुल रहमान का शव पहुँचा अयोध्या, मजनाई गांव में भारी सुरक्षा के बीच सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी

