UP बजट सत्र आज से: राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगा आगाज़, SIR और ट्रेड डील पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज (सोमवार) से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले ही दिन सदन में भारी हंगामे के आसार हैं। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी, जिसमें वह सरकार की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का खाका पेश करेंगी।

विपक्ष की ‘घेराबंदी’ और सपा की रणनीति

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में विपक्ष ने सरकार को घेरने के लिए कई ज्वलंत मुद्दों को ढाल बनाया है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण में विसंगतियों के मुद्दे को सपा प्रमुखता से उठाएगी।

अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को ‘डील नहीं ढील’ करार देते हुए कहा कि इससे किसानों और MSME सेक्टर को नुकसान होगा।

प्रदेश में बढ़ती नशीली दवाओं की तस्करी और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सदन में शोर शराबा होना तय है।

सत्र शुरू होने से पहले सपा विधायक विधानभवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर प्रदर्शन करेंगे और राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान ‘गो-बैक’ के नारे लगाने की रणनीति तैयार की है।

‘स्वस्थ चर्चा से होगा विकास’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सदस्यों से सदन को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदन में सार्थक चर्चा करनी चाहिए। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी स्पष्ट किया कि सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।

सत्र का कार्यक्रम

सोमवार: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राज्यपाल का अभिभाषण।

मंगलवार: दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होगी।

बुधवार: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।

Also Read: ‘सदन में रहें सक्रिय, दफ्तरों में कराएं SIR’, भाजपा विधायकों को सीएम योगी का सख्त निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.