UP बजट सत्र: विधान परिषद में विपक्ष पर भड़के सीएम योगी, केशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर कसा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा के दौरान राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में अपनी सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने ‘कर्फ्यू से कानून’ और ‘अपराध से अनुशासन’ तक का एक लंबा और सफल सफर तय किया है।
2017 से पहले माफिया चलाते थे समानांतर सरकार
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 2017 से पहले यूपी की हालत बेहद खराब थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “पहले प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ चल रहा था।” गुंडे और माफिया सत्ता के संरक्षण में समानांतर सरकार चलाते थे और कानून चंद हाथों की जागीर बन गया था। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार की नीति और नीयत साफ है, जिससे यूपी अब ‘बीमारू’ राज्य की श्रेणी से निकलकर ‘ब्रेकथ्रू’ स्टेट बन चुका है।
ट्रिपल ‘T’ का मंत्र और बदलता यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश ट्रस्ट (Trust), टेक्नोलॉजी (Technology) और ट्रांसफॉर्मेशन (Transformation) की ‘त्रिवेणी’ बन गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहले त्योहारों पर आशंका रहती थी, लेकिन अब उत्सव का माहौल रहता है। महाशिवरात्रि के मौके पर 40 लाख लोगों ने सुरक्षित तरीके से स्नान किया, जो बदलते प्रशासन का प्रमाण है।
केशव मौर्य का ‘वैक्सीन’ वाला तंज
सदन में चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव, जो पहले कोरोना वैक्सीन का विरोध कर रहे थे, उन्होंने ‘चुपके से’ खुद वैक्सीन लगवा ली थी। सपा सदस्यों की तीखी आपत्ति पर मौर्य ने यहाँ तक कह दिया कि “अगर आप चाहेंगे तो मैं फोटो भी उपलब्ध करवा सकता हूं।”
विपक्ष का पलटवार
सपा विधायक अतुल प्रधान ने मुख्यमंत्री के भाषण पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछले 4 साल से सीएम एक जैसा ही भाषण दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ ‘बुलडोजर चलवा दूंगा’ और ‘उल्टा लटका दूंगा’ जैसी डराने वाली भाषा बोलती है, जबकि जमीनी हकीकत में सिर्फ झूठ और अफवाहें हैं।
मंत्री अनिल राजभर ने सरकार की रोजगार नीतियों का बचाव करते हुए कहा कि जिस मजदूर के लिए यूपी में 10 हजार बचाना मुश्किल था, उसे सरकार ने इजराइल भेजा है जहां वह 2 लाख रुपये महीना कमा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार अब यूपी के युवाओं को जापान और जर्मनी भेजने की तैयारी कर रही है।
9.12 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट
बता दें कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 11 फरवरी को 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो यूपी के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। बजट पर चर्चा शुक्रवार तक जारी रहेगी।
Also Read: Lucknow Court को आया बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल, मचा हड़कंप

