यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल जल्द, मुख्य सचिव एसपी गोयल छुट्टी पर, ब्यूरोक्रेसी में हलचल तेज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक हलकों में बड़ी हलचल मची हुई है। राज्य के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के छुट्टी पर जाने के बाद, उनकी अनुपस्थिति में कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) दीपक कुमार को सभी विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह सिर्फ एक अस्थायी व्यवस्था है और राज्य की ब्यूरोक्रेसी में जल्द ही एक बड़ा बदलाव होने वाला है।
तबादलों की सूची तैयार!
बताया जा रहा है कि प्रदेश के कई अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, जिलाधिकारी और मंडल आयुक्त बदले जाएंगे। आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी, पंचायत और विधानसभा चुनावों को देखते हुए शासन और जिलों में अधिकारियों की नई नियुक्तियां की जाएंगी। लोक भवन में कई बड़े पदों पर बैठे अफसरों की कुर्सी हिल सकती है, जबकि कुछ अधिकारियों को साइड लाइन भी किया जा सकता है।
अधिकारियों के बीच खींचतान
इस बीच, कई वरिष्ठ अधिकारियों के बीच चल रहे विवाद और उनकी व्यक्तिगत इच्छाओं की चर्चाएं भी गर्म हैं।
संजय प्रसाद की भूमिका: मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। माना जा रहा है कि उनकी सलाह पर ही गृह विभाग के प्रमुख सचिव का पद किसी अन्य अधिकारी को सौंपा जाएगा।
ऊर्जा विभाग में विवाद: उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के बीच चल रहे विवाद के कारण आशीष गोयल का विभाग भी बदला जा सकता है।
बदलाव की चाह: लंबे समय से एक ही विभाग में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक कुमार और जीएसटी के प्रमुख सचिव एम. देवराज भी नई पोस्टिंग चाहते हैं।
निडर और बेबाक अफसर हैं एसपी गोयल
आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल की छवि एक निडर और बेबाक अफसर की मानी जाती है। उनके साथ काम कर चुके अधिकारी बताते हैं कि वे किसी भी तरह के दबाव में नहीं आते। इसका एक बड़ा उदाहरण 2024 में तब देखने को मिला जब उन्होंने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा भेजे गए 750 सहायक इंजीनियरों के ट्रांसफर की फाइल को वापस लौटा दिया था। उन्हें इतनी बड़ी संख्या में तबादले तार्किक नहीं लगे थे। इसी तरह, उन्होंने सैमसंग इंडिया को तय सीमा से अधिक सब्सिडी देने की फाइल पर भी अपनी सहमति नहीं दी थी।
Also Read: Siddharthnagar News: सड़क हादसे में पुलिसकर्मी का निधन, पुलिस लाइन में शोक की लहर

