यूपी में 7 अक्टूबर को राजकीय अवकाश, महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सीएम योगी का ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा ऐलान करते हुए राज्य में 7 अक्टूबर को राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है। श्रावस्ती में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में अवकाश रहेगा। इसके साथ ही संस्कृति और पर्यटन विभाग के सहयोग से प्रदेश के हर मंदिर में रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा।
अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने हाल ही में ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद से जुड़े प्रदर्शनों और हिंसा पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र जैसे पवित्र पर्व को बाधित करने और आस्था के नाम पर अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दंगाइयों की तुलना चुंड और मुंड राक्षसों से करते हुए कहा कि देवी भगवती ऐसे तत्वों का सर्वनाश कर देंगी।
हिंसा या अराजकता का रूप नहीं देना चाहिए
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संस्कृति जितनी समृद्ध होगी, देश और अधिक सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के अनुयायी देवी दुर्गा की पूजा शक्ति प्राप्त करने के लिए करते हैं और आस्था हमेशा व्यक्तिगत विषय है, इसे हिंसा या अराजकता का रूप नहीं देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी परंपरा और आस्था के अनुसार कार्यक्रम कर सकता है, लेकिन हिंसा या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उनके इस बयान को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार की सख्त नीति का संकेत माना जा रहा है।
Also Read: मैरी कॉम के घर में चोरी, 6-7 चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी

