आरक्षण पर भाजपा अपना रुख करे स्पष्ट, गौतम बोले- SC-ST, OBC को हक नहीं देना चाहती सरकार
Rajendra Pal Gautam: लखनऊ में कांग्रेस ने आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह आरक्षण के पक्ष में है या विरोध में।
गौतम ने लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की आरक्षण विरोधी छात्रों के साथ हुई प्रेसवार्ता का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार छात्रों के साथ है तो 69 हजार शिक्षक भर्ती में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के करीब 8 हजार अभ्यर्थियों की सीटें सामान्य वर्ग से क्यों भरी गईं। उन्होंने ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए इन वर्गों के साथ अन्याय का आरोप लगाया।

जाति जनगणना में OBC कॉलम पर सवाल
कांग्रेस नेता ने जाति जनगणना को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने संसद में जाति जनगणना कराने की बात कही थी, लेकिन हाल में जारी जनगणना के कॉलम में ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं है। उन्होंने भाजपा से इस पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
राष्ट्रगान मामले में महाना पर कार्रवाई की मांग
राजेन्द्र पाल गौतम ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर उन्नाव के एक कार्यक्रम में राष्ट्रगान के दौरान गाड़ी में बैठकर चले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की। गौतम के मुताबिक कांग्रेस के जिला और शहर अध्यक्षों ने प्रदेशभर में पुलिस को शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर युवाओं के साथ खड़ी है। प्रेसवार्ता में डॉ. सीपी राय, इन्दल रावत, डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, अंशू अवस्थी समेत कई नेता मौजूद रहे।

