लखनऊ: ‘सरहदी गांधी’ और मोतीलाल नेहरू को कांग्रेस ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय कार्यालय पर आज दो महान विभूतियों की याद में एक श्रद्धाजंलि सभा आयोजित की गई। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान नेता और समाज सुधारक खान अब्दुल गफ्फार खान (सीमांत गांधी) की जयंती और राष्ट्रवादी चिंतक व दिग्गज नेता पंडित मोतीलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस जनों ने उन्हें नमन किया।
त्याग और सिद्धांतों की मिसाल थे खान अब्दुल गफ्फार खान
कार्यक्रम के दौरान मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खान अब्दुल गफ्फार खान का जीवन मानवता की सेवा के लिए समर्पित था। उन्होंने अंग्रेजों की जेल और कड़ी यातनाएं सहीं, लेकिन कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। ‘खुदाई खिदमतगार’ आंदोलन के जरिए उन्होंने अहिंसा का जो पाठ पढ़ाया, वह आज भी प्रासंगिक है।
शान-ओ-शौकत छोड़ स्वदेशी को अपनाया
पंडित मोतीलाल नेहरू को याद करते हुए मनीष हिंदवी ने कहा कि वे उस दौर के सबसे बड़े वकीलों में से एक थे। देश की खातिर उन्होंने अपनी विलासितापूर्ण जिंदगी और अंग्रेजी ठाठ-बाट का त्याग कर दिया और खादी धारण की। मोतीलाल नेहरू ने न केवल कांग्रेस संगठन को मजबूत किया, बल्कि भारत के लिए संवैधानिक सुधारों और स्वशासन की मजबूत नींव भी रखी।
ये नेता रहे उपस्थित
इस मौके पर श्रद्धाजंलि देने वालों में किसान कांग्रेस के मध्य जोन अध्यक्ष बृज मौर्या, पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह, सूचना का अधिकार विभाग के चेयरमैन पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, शिक्षक प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. अमित कुमार राय, वरिष्ठ नेता संजय शर्मा और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इन महान नेताओं के पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Also Read: यूपी में कानून का इकबाल खत्म, सरकार को ही ‘लापता’ लिस्ट में डाल देना चाहिए: अखिलेश यादव

