UP: नौचंदी एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश, रेल ट्रैक पर रखे गए थे स्लीपर

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज से सहारनपुर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस को मंगलवार रात पलटाने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। यह घटना ऊंचाहार के अरखा और प्रतापगढ़ के परियावां स्टेशन के बीच हुई, जहाँ रेल ट्रैक पर स्लीपर रखकर ट्रेन को रोकने की कोशिश की गई थी।

रात करीब 8 बजे जब ट्रेन इस सेक्शन से गुजर रही थी, तो उसका इंजन ट्रैक पर रखे स्लीपर से टकरा गया। टक्कर की तेज आवाज़ के साथ स्लीपर टूट गया, जिसके बाद लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।

जांच और कार्रवाई

लोको पायलट ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद ऊंचाहार जीआरपी (GRP) और प्रतापगढ़ की नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट तक ट्रेन वहीं खड़ी रही, जबकि पुलिस ने घटना की पड़ताल की। जांच के बाद, ट्रेन को ऊंचाहार स्टेशन ले जाया गया, जहाँ इंजन की जाँच की गई। सबकुछ सही पाए जाने पर ट्रेन को सहारनपुर के लिए रवाना कर दिया गया।

आरपीएफ (RPF) थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह एक गंभीर अपराध है और दोषियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Also Read: लखीमपुर खीरी: PM मोदी के जन्मदिन पर निघासन में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का आगाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.